Mother Locked Herself with Children to Save Them, Six Lives Lost in Massive Blaze
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित कपड़ा कारोबारी के घर में लगी आग में पांच मासूम बच्चों समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
गोदाम में लगी आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के अनुसार किदवई नगर गली नंबर-3 निवासी कपड़ा कारोबारी इकबाल अंसारी के तीन मंजिला मकान के निचले हिस्से में रेडीमेड कपड़ों का गोदाम था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार रहता था। सोमवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरे मकान में धुआं भर गया। सीढ़ियों तक लपटें पहुंचने से ऊपर मौजूद लोगों का नीचे उतरना असंभव हो गया।
बच्चों को बचाने की कोशिश में फंसी मां
घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य नमाज के लिए मस्जिद गए हुए थे। आग देखकर आसिम की पत्नी रुखसार (30) ने अपने तीन बच्चों अकदस (3), जुड़वा बेटियां नबिया और इनायत (6 माह) के साथ भतीजे हम्माद (4) और भतीजी महविश (12) को लेकर दूसरी मंजिल के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया, ताकि बच्चों को धुएं और आग से बचाया जा सके। लेकिन आग तेजी से उस कमरे तक पहुंच गई और सभी अंदर ही फंस गए।
बेबस परिवार देखता रहा आग की लपटें
पड़ोसियों ने तुरंत परिवार के पुरुष सदस्यों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन घर में घुसने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण अंदर नहीं जा सके। स्थानीय लोगों ने भी पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती रही।
दमकल की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने पड़ोसी मकानों की छतों से सीढ़ी लगाकर बचाव अभियान शुरू किया। सभी को अचेत अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रुखसार और पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में रुखसार (30), अकदस (3), नबिया (6 माह), इनायत (6 माह), महविश (12) और हम्माद (4) की मौत हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
