औरैया। औरैया पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई अजीतमल कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भीखेपुर-जुआ मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह तेज रफ्तार से भागने लगा। पीछा करने के दौरान आरोपी की बाइक फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की चलाई गई गोली पुलिस की जीप में भी लगी, हालांकि सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ अजीतमल मनोज गंगवार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गौकशी के एक मामले में भी वांछित चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि एसपी औरैया के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
