बदायूं, उत्तर प्रदेश। बदायूं में करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक की कथित चिटफंड ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अमर ज्योति चिटफंड कंपनी के दो संचालक सगे भाइयों शशिकांत मौर्य और सूर्यकांत मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मूल रूप से बरेली के कटरा चांद खां क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने बदायूं के मीरासराय इलाके में अमर ज्योति चिटफंड कंपनी का संचालन किया था। आरोप है कि कंपनी ने 200 से अधिक एजेंटों के माध्यम से कई वर्षों तक लोगों से निवेश के नाम पर बड़ी रकम जमा कराई।
जांच में सामने आया कि करोड़ों रुपये जमा होने के बाद दोनों संचालक कंपनी बंद कर फरार हो गए। इसके बाद निवेशकों ने उनके खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज कराए। पुलिस ने जांच के दौरान कंपनी से जुड़े कई एजेंटों को भी गिरफ्तार किया था।
अब दोनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को ठगी के पूरे नेटवर्क, निवेशकों से जुटाई गई रकम और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मामले को लेकर एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और निवेशकों से जुड़ी सभी जानकारियां खंगाली जा रही हैं। साथ ही ठगी की रकम और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
रिपोर्ट: शकील हुसैन (खास रिपोर्ट), 4TV News
स्थान: बदायूं, उत्तर प्रदेश
