Pawai Police Seize Illegal Liquor Worth ₹18.50 Lakh, Vehicle Confiscated
पन्ना। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पवई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1,665 लीटर अवैध देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वाहन को जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 18.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पवई थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को मुखबिर से सूचना मिली कि गुनौर-सलेहा मार्ग से एक बिना नंबर प्लेट की सफेद पिकअप वाहन तेज गति से पवई की ओर आ रही है, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब होने की संभावना है।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की गई। पुलिस को देखते ही वाहन चालक ने रास्ता बदलकर ग्राम नारायणपुर की ओर वाहन मोड़ दिया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक ने वाहन खेतों के रास्ते दौड़ाते हुए नारायणपुर स्थित चिमनी भट्टा के पास छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें 185 पेटियां अवैध देशी मदिरा प्लेन मिलीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 1,665 लीटर पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं जब्त पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शराब और वाहन सहित कुल 18.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
