Kareli Police Seize Illegal Liquor Worth ₹8.40 Lakh Under Operation Eagle Claw
नरसिंहपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत करेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में करेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने करेली बायपास स्थित इमलिया पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार से 27 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद की गई। इनमें 17 कार्टून मसाला और 10 कार्टून प्लेन शराब शामिल थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डेलन मल्लाह (26) और मुजम्मिल उसमानी (19) निवासी नरसिंहपुर को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 8.40 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नाकर हिंग्वे सहित करेली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
