New Income Tax Rules 2026
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने Income Tax Rules 2026 को अधिसूचित कर दिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे। ये नियम Income Tax Act 2025 के तहत नए टैक्स ढांचे की नींव रखेंगे। सरकार का मुख्य उद्देश्य टैक्स कम्प्लायंस को सख्त करना और टैक्स चोरी पर लगाम लगाना है।
8 बड़े शहरों में HRA पर बड़ी राहत
नौकरीपेशा लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत हाउस रेंट अलाउंस (HRA) में दी गई है। अब Mumbai, Delhi, Kolkata, Chennai, Hyderabad, Pune, Ahmedabad और Bengaluru में रहने वाले कर्मचारियों को सैलरी के 50% तक HRA छूट मिल सकेगी। अन्य शहरों के लिए यह सीमा 40% ही रहेगी।
मकान मालिक से संबंध बताना होगा
नए नियमों के तहत टैक्सपेयर्स को अब फॉर्म 124 में अपने मकान मालिक के साथ संबंध की जानकारी देना अनिवार्य होगा। HRA छूट की गणना तीन आधारों पर होगी—
- वास्तविक मिला HRA
- दिया गया किराया (सैलरी के 10% घटाकर)
- शहर के अनुसार 50% या 40% की सीमा
इनमें से जो सबसे कम होगा, वही छूट के लिए मान्य होगा।
शेयर बाजार और निवेशकों पर सख्ती
डेरिवेटिव ट्रेडिंग (F&O) और निवेशकों के लिए भी नियम सख्त किए गए हैं। SEBI के मानकों के अनुसार अब स्टॉक एक्सचेंजों को मजबूत डेटा सिस्टम, PAN और यूनिक क्लाइंट ID की अनिवार्यता का पालन करना होगा। साथ ही, जीरो-कूपन बॉन्ड जैसे निवेश साधनों की रिपोर्टिंग भी जरूरी होगी।
मध्यम वर्ग को फायदा, टैक्स चोरी पर लगाम
सरकार के इस फैसले से खासकर बड़े और उभरते शहरों में रहने वाले मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। वहीं, फर्जी किराया रसीद दिखाकर टैक्स बचाने वालों के लिए नए नियम सख्ती लाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, हालांकि कागजी प्रक्रिया कुछ बढ़ सकती है।
