Galwan Hero Colonel Santosh Babu’s Mother to Contest Elections, Files Nomination from KCR’s Party
नई दिल्ली।जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में शहीद हुए कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू की मां बिकुमल्ली मंजुला अब राजनीति में कदम रखने जा रही हैं। वह आगामी सूर्यापेट नगरपालिका चुनाव में भारत राष्ट्र समिति (BRS) के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी।
सूर्यापेट कर्नल संतोष बाबू और उनके परिवार का गृह क्षेत्र है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मंजुला ने पार्टी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) की सराहना की। उन्होंने कहा कि केसीआर के नेतृत्व में राज्य ने उल्लेखनीय विकास किया और जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती मिली।
तेलंगाना में 11 फरवरी को स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। इन चुनावों में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और नगरपालिकाओं सहित कुल 123 स्थानीय निकायों की लगभग 3,000 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। चुनाव परिणाम दो दिन बाद घोषित होने की संभावना है, जबकि मेयर और चेयरपर्सन के चुनाव 16 फरवरी को होंगे।
गौरतलब है कि नवंबर 2021 में बिकुमल्ली मंजुला को अपने शहीद बेटे की ओर से महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। यह युद्धकाल में दिया जाने वाला देश का दूसरा सर्वोच्च वीरता सम्मान है। कर्नल संतोष बाबू 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे, जब वे गलवान घाटी में शहीद हुए।
महावीर चक्र के प्रशस्ति पत्र के अनुसार, कर्नल बाबू को दुश्मन के सामने एक ऑब्जर्वेशन पोस्ट स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने अपने जवानों का नेतृत्व करते हुए दुश्मन के कड़े प्रतिरोध के बावजूद मिशन को अंजाम दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने पूरी कमांड और नियंत्रण के साथ मोर्चा संभाले रखा और अंतिम सांस तक लड़ते रहे।
