Ajit Pawar’s Son Jay Pawar Demands Ban on VSR Aircraft
मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत के बाद उनके बेटे जय पवार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए VSR वेंचर्स के विमानों पर रोक लगाने की मांग करते हुए हादसे की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की अपील की है।
इंस्टाग्राम पर जताया दुख और उठाए सवाल
जय पवार ने बुधवार को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा कि इस दुखद हादसे की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विमान हादसों में ब्लैक बॉक्स आसानी से नष्ट नहीं होते और महाराष्ट्र की जनता को पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा – “मेंटेनेंस में संभावित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए” और अंत में भावुक संदेश देते हुए लिखा, “Miss you Dad.”
बारामती प्लेन क्रैश में हुई थी मौत
28 जनवरी को पुणे के बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद उनकी पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले की CBI जांच की मांग भी की थी।
VSR वेंचर्स पहले भी विवादों में
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर लियरजेट 45XR विमान दुर्घटना के बाद यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) ने VSR वेंचर्स की थर्ड कंट्री ऑपरेटर (TCO) अनुमति निलंबित कर दी थी। उस हादसे में विमान रनवे से फिसलकर क्रैश लैंडिंग का शिकार हुआ था, जिसमें क्रू और यात्री घायल हुए थे और विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
जांच रिपोर्ट अब तक अधूरी
बताया जा रहा है कि 2023 के हादसे पर अब तक केवल प्रारंभिक रिपोर्ट ही जारी हुई है, जबकि अंतिम जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। शुरुआती जानकारी में खराब मौसम को कारण बताया गया था, लेकिन बाद में रिपोर्ट में लैंडिंग से पहले ऑटोपायलट सिस्टम के डिस्कनेक्ट होने की बात सामने आई थी।
क्या है TCO नियम
थर्ड कंट्री ऑपरेटर (TCO) उन एयरलाइन या विमान ऑपरेटरों को कहा जाता है जो यूरोपीय संघ या यूके के बाहर स्थित होते हुए भी वहां व्यावसायिक उड़ानें संचालित करते हैं। इसके लिए यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी से विशेष सुरक्षा अनुमति लेना जरूरी होता है।
दिल्ली स्थित कंपनी है VSR वेंचर्स
VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली स्थित नॉन-शेड्यूल्ड एयर ऑपरेटर कंपनी है, जो प्राइवेट जेट चार्टर, एयर एम्बुलेंस और एविएशन कंसल्टेंसी सेवाएं प्रदान करती है। दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट 45XR को सुपर-लाइट बिजनेस जेट श्रेणी में विकसित किया गया था और इसे तेज व लग्जरी कॉर्पोरेट उड़ानों के लिए जाना जाता है।
