India AI Impact Summit 2026
नई दिल्ली: India AI Impact Summit 2026 के दौरान एक रोबोटिक डॉग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। चीनी कंपनी द्वारा बनाए गए Unitree Go2 रोबोट को गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने अपना प्रोजेक्ट बताकर पेश किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। मामला सामने आने के बाद 18 फरवरी को यूनिवर्सिटी को समिट से बाहर कर दिया गया और उसके पवेलियन से रोबोटिक डॉग भी हटा लिया गया।
चार पैरों वाला एडवांस्ड रोबोटिक डॉग
Unitree Go2 एक AI-पावर्ड चार पैरों वाला रोबोटिक डॉग है, जिसे चीन की रोबोटिक्स कंपनी Unitree Robotics ने विकसित किया है। यह कोई प्रयोगात्मक मशीन नहीं, बल्कि बाजार में उपलब्ध कमर्शियल रोबोट है, जिसकी बिक्री भारत सहित कई देशों में की जा रही है।
AI तकनीक से लैस, कठिन रास्तों पर भी सक्षम
यह रोबोट इंटेलिजेंट नेविगेशन सिस्टम और कई सेंसरों से लैस है। हाई-स्पीड मोबिलिटी के कारण यह सीढ़ियां चढ़ने, ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने और बाधाओं से बचते हुए आगे बढ़ने में सक्षम है। इसे रिसर्च, निगरानी, निरीक्षण और शैक्षणिक प्रयोगों के लिए डिजाइन किया गया है।
सर्विलांस और रिसर्च में उपयोग
रोबोट में कैमरे और एडवांस सेंसर लगे हैं, जिससे इसे सर्विलांस और इंस्पेक्शन कार्यों में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह रिमोट कंट्रोल और ऑटोनॉमस मोड दोनों में काम करता है तथा कमांड के अनुसार खुद मूवमेंट कर सकता है। दुनिया भर में इसका उपयोग रोबोटिक्स रिसर्च, सिक्योरिटी और ऑटोमेशन क्षेत्रों में किया जा रहा है।
भारत में कीमत
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में Unitree Go2 की कीमत उसके वेरिएंट और फीचर्स के आधार पर अलग-अलग है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख से 5 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
कैसे शुरू हुआ विवाद
AI समिट के दौरान गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने इस रोबोट को अपना विकसित उत्पाद बताते हुए प्रदर्शित किया था। रोबोट को कथित रूप से अलग नाम से पेश किया गया और इसे यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रोजेक्ट बताया गया। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने इसे तुरंत Unitree Go2 के रूप में पहचान लिया। इसके बाद आलोचना बढ़ी और आयोजकों ने यूनिवर्सिटी का स्टॉल एग्जिबिशन एरिया से हटा दिया।
घटना के बाद यूनिवर्सिटी पवेलियन में मीडिया से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई और रोबोट को भी वहां से हटा लिया गया।
