Heated Argument Between BJP Leader and Junior Engineer in Shamli; ‘I Will Set the Power House on Fire’ Remark Sparks Controversy
शामली, उत्तर प्रदेश में बिजली समस्या को लेकर एक बीजेपी नेता और जूनियर इंजीनियर (जेई) के बीच फोन पर हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान जेई से नाराज़गी जताते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, “क्या आप मुझसे बहस कर रहे हैं? लाइनमैन नहीं आए तो मैं इस बिजलीघर को आग लगा दूंगा।”
इस पर जेई शांत लहजे में जवाब देते हैं, “लगा दीजिए, आपका ही है।” वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
बताया जा रहा है कि मनीष चौहान, बीजेपी एमएलसी वीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। लगभग छह महीने पहले गांव डूंडूखेड़ा में जेई सत्यप्रकाश अपनी टीम के साथ बिजली चोरी की जांच और बकाया वसूली के लिए पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए थे।
ग्रामीणों की शिकायत पर मनीष चौहान ने जेई से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “यह कैसी नौटंकी चला रखी है? क्या मुझसे पेंच लड़ाओगे?” जिस पर जेई ने जवाब दिया, “हम कोई नौटंकी नहीं कर रहे हैं सर, हम तो अपना काम कर रहे हैं।”
इस पूरे मामले में अभी तक मनीष चौहान का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। जानकारी के अनुसार, छह महीने पहले गांव में हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर जेई ने पुलिस को तहरीर भी दी थी, लेकिन अब तक उस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
