Hamirpur Jeweller Attempts Suicide, Alleges Harassment and Blackmailing by Customer
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक ज्वेलर्स व्यापारी द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ग्राहक द्वारा कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर व्यापारी ने यह कदम उठाया। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष बाजार की है।
जहरीला पदार्थ पीने से पहले सुनाई आपबीती
जानकारी के अनुसार, ज्वेलर्स व्यापारी सुरेंद्र सोनी ने गिलास में जहरीला पदार्थ मिलाकर पानी के साथ पी लिया। बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ पीने से पहले उन्होंने अपनी परेशानी और कथित ब्लैकमेलिंग की पूरी दास्तां बताई, जिसके बाद यह कदम उठाया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें व्यापारी आत्महत्या का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थे परेशान
सूत्रों के अनुसार, एक ग्राहक ने ज्वेलर्स के खिलाफ सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी के बाद से व्यापारी मानसिक तनाव में चल रहे थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। व्यापारी की हालत और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
