सोनभद्र: जिले के अनपरा थाना क्षेत्र के मेड़रदह गांव में मजदूरी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज करने और जेवर छीनने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में अनपरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ममता देवी, पत्नी अजय, ने अपने खेत में धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य के लिए सुनीता पत्नी जितेंद्र समेत कुछ लोगों से मजदूरी कराई थी। पीड़िता का कहना है कि मजदूरी के बदले संबंधित लोगों को अनाज दिया जा चुका था।
आरोप है कि 26 सितंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे सुनीता, परिमा, जितेंद्र और अन्य लोग मजदूरी की मांग को लेकर उसके घर पहुंचे। जब ममता देवी ने पहले ही अनाज दिए जाने की बात कही, तो कथित तौर पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की नथिया, सोने की जिउतिया और कान की बाली भी छीन ली गई।
ममता देवी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थान: अनपरा, सोनभद्र
