बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में यात्रियों से भरी एक प्राइवेट मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, मिनी बस गांव गेसूपुर से गौतमबुद्धनगर के कासना जा रही थी। रास्ते में सिकन्द्राबाद कोतवाली क्षेत्र के गुलावठी रोड स्थित मंडावरा गांव के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने बस का संतुलन खो दिया, जिससे बस सड़क किनारे खाई में उतर गई।
हादसे के समय बस में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
स्थान: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
