सीतापुर: जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बकरापुर गांव में एयरटेल का मोबाइल टावर तीन दिनों तक बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नेटवर्क ठप होने से नाराज ग्रामीण टावर के पास पहुंच गए और प्रदर्शन करते हुए मोबाइल सेवा जल्द बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों ने “एयरटेल मुर्दाबाद” और “टावर चालू करो” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपनी सिम दूसरी कंपनी में पोर्ट करा देंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि टावर बंद होने से मोबाइल कॉलिंग और इंटरनेट सेवा पूरी तरह प्रभावित रही। इसका असर ऑनलाइन पढ़ाई, किसानों की खाद बुकिंग, मंडी भाव देखने और अन्य जरूरी ऑनलाइन सेवाओं पर भी पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में टावर ऑपरेटर को बुलाया गया। इसके बाद जनरेटर चालू कर मोबाइल टावर को दोबारा संचालित किया गया, जिससे नेटवर्क सेवा बहाल हो गई।
मोबाइल सेवा शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि उन्होंने मांग की कि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो और नेटवर्क व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जाए।
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश
