कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुअवा में 14 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। छात्रा की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रामपुर-पकड़ियार मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। हालांकि प्रशासन और पुलिस के समझाने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर ले गए। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा नेहा (14 वर्ष), पुत्री राजाराम, निवासी रामपुर भाठ, स्कूल में अचानक बेहोश हो गई थी। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रामपुर-पकड़ियार मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
बाद में पुलिस और प्रशासन के समझाने पर परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया और छात्रा का शव घर ले गए।
छात्रा की मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य पर लगाए गए आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट: सुभाष पटेल
स्थान: रामकोला, कुशीनगर
