उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। यह हादसा पिलुआ थाना क्षेत्र के भदुआ गांव के पास हाईवे पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो कासगंज स्थित सुमंत कॉलेज में शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि राहुल शाम को कॉलेज से अपने घर लौट रहे थे, तभी देर रात रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को घटनास्थल से राहुल की बाइक बरामद हुई है, जबकि टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
शिक्षक की अचानक मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
