उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में रजवाहे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा तहलेटा-सैदपुर मार्ग पर हदयपुर भंडौला के पास हुआ, जहां युवक की मोपेड करीब 10 फीट गहरे रजवाहे में जा गिरी।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय रविंद्र कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविंद्र मंगलवार रात मोपेड लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
बुधवार सुबह ग्रामीणों को रजवाहे में मोपेड के साथ रविंद्र का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को रजवाहे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की सुरक्षा दीवार लंबे समय से टूटी हुई है। उनका कहना है कि करीब छह महीने पहले भी इसी स्थान पर एक कार रजवाहे में गिर गई थी। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद पुल की मरम्मत नहीं कराई गई।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है।
घटना के बाद एसडीएम मोदीनगर कोमल पंवार ने पुल की सुरक्षा दीवार की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया है।
स्थान: गाजियाबाद
