उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गत्ता फैक्ट्री के नए बाइपास के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, रामपुर जिले के अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेड़ा टांडा निवासी कासिम (27) और उनके बड़े भाई मोहम्मद आलिम बुधवार सुबह बाइक से बिलारी जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे गत्ता फैक्ट्री के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कासिम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई मोहम्मद आलिम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एसएचओ मोहित कुमार चौधरी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
