Speeding Scorpio Mounts Footpath in Delhi, Elderly Man Killed
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो कार के चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना एनएच-24 की सर्विस रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब छह बजे थाना गाजीपुर को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि काले रंग की स्कॉर्पियो कार फुटपाथ पर दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी थी। वहीं एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पश्चिम बंगाल के थे मृतक
मृतक की पहचान 76 वर्षीय पैक करमाई के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी थे और वर्तमान में गाजीपुर गांव में रह रहे थे। वह गाजीपुर फूल मंडी में काम करते थे और घटना के समय दो सहकर्मियों के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे।
डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो मुख्य मार्ग और सर्विस रोड के बीच बने डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर फिसलता हुआ फुटपाथ पर चढ़ गया। इसी दौरान पैदल जा रहे बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए।
वाहन चालक श्रेय कुमार (26), निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश), को मौके से हिरासत में ले लिया गया है। कार में सवार अन्य लोग—दो युवक और तीन युवतियां—घटनास्थल से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए Lal Bahadur Shastri Hospital भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
