उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र में एक युवती की मौत के बाद गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों ने छह युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला ईदी गांव का है। परिजनों का आरोप है कि युवती किसी काम से अपने बाड़े में गई थी, जहां छह युवकों ने उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया।
परिजनों के मुताबिक, वीडियो वायरल करने की कथित धमकी से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे दोपहर में गुरसराय के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रात में तबीयत दोबारा बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्ट: राघवेंद्र सिंह
स्थान: गरौठा तहसील, झांसी
