उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के परसेंडी विकासखंड में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर विवाद सामने आया है। ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र राजवंशी ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पर विकास कार्यों के बदले कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. से शिकायत की है।
शिकायत के अनुसार, विकास कार्यों के स्टीमेट स्वीकृत करने के नाम पर 5 प्रतिशत और भुगतान जारी करने के समय 15 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में चांदपुर में पशुबाड़ा निर्माण, कैमहरा वजीरपुर में पारा डामर रोड से जेएस सिंह कॉलेज तक खड़ंजा निर्माण, उदयमलपुर में इंटरलॉकिंग कार्य, देना के शंकरपुर में स्कूल से तालाब तक नाला निर्माण तथा दसेलिया में झाला से नाला तक नाला निर्माण समेत कई विकास कार्यों का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि कैमहरा वजीरपुर में शिकायत के बाद 22 सितंबर को मजदूर लगाकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। वहीं, कार्य से जुड़ी जियो-टैग तस्वीरें भी जांच के दायरे में बताई जा रही हैं।
फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
रिपोर्ट: आजाद अंसारी
स्थान: सीतापुर
