गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपने गृह जनपद गोरखपुर को महिला कल्याण और समाज कल्याण से जुड़ी बड़ी सौगात देंगे। चरगांवा में 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय महिला शरणालय के भवन का मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था की गई है।
यह शरणालय संकटग्रस्त, घरेलू हिंसा से पीड़ित और सामाजिक-पारिवारिक परिस्थितियों में सहायता की जरूरत वाली महिलाओं को सुरक्षित आवास, संरक्षण और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किया जाएगा।
14.87 करोड़ के किशोर संप्रेषण गृह का निरीक्षण
महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के पास निर्माणाधीन राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगे। करीब 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस परिसर में 100 किशोरों के रहने की क्षमता होगी।
परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह आयोजन ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किया जा रहा है।
वृंदावन के सुप्रसिद्ध मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास जी महाराज कथा का वाचन करेंगे। मुख्यमंत्री के आज के कार्यक्रम में विकास कार्यों के लोकार्पण-निरीक्षण के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता भी प्रमुख रूप से शामिल रहेगी।
