उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान लीवर फ्लाईओवर के पास हुआ, जहां सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान हाथरस जिले के नवीपुर निवासी शिवम, पुत्र विनोद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
