उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में चंद्रावल नदी में नहाने गए दो बच्चे लापता हो गए हैं। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है और नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रावल नदी में कुल चार बच्चे नहाने गए थे। इसी दौरान चारों बच्चे गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देख पास के खेत में काम कर रही एक महिला उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गई।
महिला और बच्चों को डूबता देख मौके पर मौजूद एक किसान ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और महिला समेत दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो अन्य बच्चे नदी में लापता हो गए।
लापता बच्चों की उम्र लगभग 10 और 11 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौदहा के एसडीएम और सीओ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रशासन और स्थानीय टीमों द्वारा बच्चों की तलाश जारी है।
यह घटना मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बुधवा के डेरा की है। फिलहाल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
रिपोर्ट: अज़हर बेग
स्थान: हमीरपुर
