आगरा। समाजवादी पार्टी से जुड़े जमील खान ने पार्टी के अपने सभी पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने 17 सितंबर 2026 को अपना इस्तीफा जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर हुए एक विवाद के बाद उन्हें लगातार उत्पीड़न और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि व्यक्तिगत विवाद का असर समाजवादी पार्टी की छवि पर न पड़े, इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है।
जमील खान ने अपने इस्तीफे में कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी की राजनीति से जुड़े रहे हैं। समाजवादी पार्टी की विचारधारा, सोच और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के व्यवहार से प्रभावित होकर उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए कार्य किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हुआ। उनके अनुसार, टिप्पणी में केवल “100 चूहे खा के बिल्ली हज को चली” मुहावरे का इस्तेमाल किया गया था। जमील खान का कहना है कि उनका करीब 35 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है और राजनीतिक क्षेत्र में इस तरह के मुहावरों का इस्तेमाल आम बात है। उन्होंने अपनी टिप्पणी में किसी प्रकार की अभद्रता से इनकार किया है।
