सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के संदना थाना क्षेत्र के नहोइया गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना के बाद तनाव का माहौल बन गया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मंगलम पुलिस चौकी पहुंच गए और चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
फिलहाल विवाद की वजह और घटना में घायल हुए लोगों की संख्या या उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्टर : नन्द किशोर नाग
स्थान : सीतापुर
