बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने फर्जी आयुर्वेदिक दवाइयां बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि गिरोह बिना वैध लाइसेंस के ऑनलाइन माध्यम से शुगर की कथित आयुर्वेदिक दवाइयां बेचकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
पुलिस ने सैटेलाइट क्षेत्र के सैलानी मोहल्ले में यादगार रेस्टोरेंट के पास छापेमारी कर साजिद मलिक, इस्लाम और मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में नामजद रऊफ और रिजवान मियां फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, 75 पैकेट कथित आयुर्वेदिक दवाइयां, फर्जी बिल, शिपिंग लेबल और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शुगर की बीमारी को तीन दिन में 100 प्रतिशत ठीक करने जैसे भ्रामक विज्ञापन चलाते थे। इसके बाद Shopify पर बनाई गई वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन ऑर्डर लेकर कैश ऑन डिलीवरी के जरिए दवाइयां भेजी जाती थीं। पुलिस का दावा है कि ग्राहकों का विश्वास जीतने के लिए अलग-अलग कंपनियों के नाम पर फर्जी बिल भी तैयार किए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी कंपनी का पता अल्मोड़ा (उत्तराखंड) बताते थे। पुलिस ने मौके से “Diabo Diabetic Powder” और “Brahm Sugar Care” नाम से पैक की गई 75 दवाइयां बरामद की हैं। इन उत्पादों की वैधता और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
थाना बारादरी में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
नोट: पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना अभी बाकी है। मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
रिपोर्टर : प्रवीन कुमार शर्मा
स्थान : बरेली
