गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव के रूप में हुई है। वह थाना करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के कोठिया कोडरताल का निवासी है और वर्तमान में गौसाबाद स्थित कालीधाम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने उसे अंधऊ हवाई पट्टी के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 30 मई 2026 को सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित बिंदू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे में जगदीश सिंह यादव वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ गाजीपुर कोतवाली में हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
रिपोर्टर : रिजवान अंसारी
स्थान : गाजीपुर
