कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) पर हेतिमपुर के पास एक चलती फोर व्हीलर में अचानक आग लग गई। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन मौके पर राहत पहुंचने में देरी होने का आरोप लगाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद चालक ने गाड़ी सड़क किनारे रोककर बोनट खोलकर देखा। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई और चालक उसकी चपेट में आकर झुलस गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआती समय में आग सीमित थी और यदि समय पर दमकल या राहत दल पहुंच जाता तो आग पर आसानी से काबू पाया जा सकता था। घटना के बाद लोगों ने 112 और 108 पर कॉल कर पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के करीब आधे घंटे बाद तक न तो फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और न ही हाईवे प्रशासन या पुलिस का कोई कर्मचारी वहां दिखाई दिया। इस दौरान घायल चालक सड़क किनारे दर्द से तड़पता रहा।
हालांकि, राहत कार्य में देरी और प्रशासन के मौके पर पहुंचने संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभागों की ओर से नहीं की गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, घायल चालक के उपचार और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : सुभाष पटेल
स्थान : कुशीनगर
