जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में चर्चित अजनारी बायपास गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उरई कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय सिंह ठाकुर और रामजी सोनी के रूप में हुई है। दोनों को उरई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले में रामनगर निवासी मोहित यादव पर चाकुओं से हमला करने के बाद गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और बरामद हथियारों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : देवेश कुमार स्वर्णकार
स्थान : जालौन (उत्तर प्रदेश)
