एटा। एटा शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। हादसा मेडिकल कॉलेज के सामने डाक बगलिया क्षेत्र में हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के दौरान चालक का वाहन से अचानक नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे बनी दुकान से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय कोई राहगीर या दुकानदार कार की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने कार को दुकान से हटाने में मदद की। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
रिपोर्टर : कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान : एटा
