गोरखपुर। आगामी गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर गोरखनाथ थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, आयोजन समितियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पुलिस प्रशासन ने उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अस्वस्थ लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस ने बताया कि गोरखनाथ क्षेत्र में स्थापित होने वाले सभी 25 गणेश पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों (वालंटियर्स) की तैनाती अनिवार्य होगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी नई परंपरा या कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भड़काऊ गाने बजाने, आपत्तिजनक नारेबाजी करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखेगी ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलने से रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गणेश चतुर्थी का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
रिपोर्टर : ज़फ़र खान
स्थान : गोरखपुर
