फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 स्थित लखनऊ बाईपास के पास कंटेनर की टक्कर से पहले बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मां ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के मोईनुद्दीनपुर गांव निवासी रोहित (22) अपनी मां नीलम देवी (46) को खागा से बाइक पर बैठाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान लखनऊ बाईपास के समीप तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां नीलम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर : रिजवान उददीन
स्थान : फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)
