हमीरपुर। जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कमरोदा इलाके में एक महिला द्वारा दुधमुंहे बच्चे के साथ कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में एक महिला कथित तौर पर मासूम बच्चे को झकझोरते और जमीन पर पटकने का प्रयास करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में बच्चे के रोने और चीखने की आवाज भी सुनाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना सास-बहू के बीच हुए पारिवारिक विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। इसी दौरान महिला पर गुस्से में अपने बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
मामले पर पुलिस अधीक्षक एम.एस. पाठक ने बताया कि बच्चा सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में तहरीर प्राप्त होती है, तो नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) राठ राजीव प्रताप सिंह ने भी बताया कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: अज़हर बेग
स्थान: हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
