सीतापुर। जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के गुरसंडा गांव में महिला के साथ कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला पर लाठी से हमला करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोप है कि कुछ दबंगों ने महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उमाकांत बाजपेई पर भी कथित तौर पर धारदार हथियार (बांका) से हमला कर दिया गया।
हमले में उमाकांत बाजपेई गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके हाथ का अंगूठा कट गया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश
