औरैया। दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले छात्र पवन का पार्थिव शरीर बुधवार को औरैया जिले के दिबियापुर स्थित उसके आवास पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया।
बताया गया कि पवन दिबियापुर कस्बे का निवासी था। वह दिल्ली में बीएससी कंप्यूटर की पढ़ाई कर रहा था और सत्य निकेतन स्थित एक पीजी (PG) में रहकर अपनी शिक्षा पूरी कर रहा था। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पवन चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। कुछ दिन पहले ही रक्षाबंधन के पर्व पर बहनों ने उसकी कलाई पर राखी बांधी थी। लेकिन अब उसी भाई की अंतिम विदाई में बहनों को अर्थी के साथ चलते देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
अंतिम संस्कार के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। परंपराओं से अलग हटकर पवन की छोटी बहन ने अपने भाई को मुखाग्नि दी। इस मार्मिक पल को देखकर श्मशान घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।
इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या उनके घर पहुंची। पूरे दिबियापुर कस्बे में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश
