ललितपुर, उत्तर प्रदेश। ललितपुर पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए उसके मास्टरमाइंड समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को शेयर मार्केट में निवेश पर कई गुना मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी “Nokia Secourtey” नाम से एक वेबसाइट संचालित कर लोगों को निवेश के लिए आकर्षित करते थे। कथित तौर पर निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर बड़ी संख्या में लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 आईफोन, 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 15 कीपैड मोबाइल, 18 डेस्कटॉप कंप्यूटर, एक लैपटॉप, अन्य डिजिटल उपकरण, एक ब्रेजा कार और एक महिंद्रा थार बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में साइबर धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संजीव वाजपेई ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।
रिपोर्ट: अभिषेक दीक्षित
स्थान: ललितपुर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
