सीतापुर, उत्तर प्रदेश। सीतापुर जिले के मिश्रिख तहसील चौराहे पर सोमवार को करंट लगने से एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रहे दुकान मालिक भी झुलस गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, तहसील चौराहे पर डाकघर के मुख्य गेट के पास मन्नू के लोहे के खोखे में कंप्यूटर की दुकान संचालित होती है। यहां ग्राम गोहरी अटवा निवासी आकाश राठौर (28 वर्ष) पिछले करीब तीन वर्षों से कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि आकाश और दुकान मालिक मिलकर लोहे के खोखे को थोड़ा खिसका रहे थे। इसी दौरान अचानक खोखे में बिजली का करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से आकाश अचेत होकर गिर पड़ा।
आकाश को बचाने के लिए आगे बढ़े दुकान मालिक मन्नू को भी तेज करंट का झटका लगा, जिससे वह झुलसकर दूर जा गिरे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने सूखी लकड़ी और डंडों की मदद से दोनों को करंट से अलग किया।
इसके बाद दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आकाश राठौर को मृत घोषित कर दिया, जबकि झुलसे हुए मन्नू का प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर लोहे के खोखे में करंट कैसे उतरा और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
