एटा, उत्तर प्रदेश। एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र में आवारा गौवंश की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर को हरेंद्र (48 वर्ष) निवासी गांव सरनऊ, थाना मिरहची, अपने खेत पर चारा काटने गए थे। इसी दौरान एक आवारा गौवंश ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश (4TV News)
