एटा, उत्तर प्रदेश। एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के बावली गांव में एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। निर्माणाधीन मकान में खेलते समय वह गिर पड़ा, जिससे लोहे की सरिया उसके मुंह के आर-पार हो गई। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने घायल बच्चे को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसके बाद बच्चे का उपचार डॉ. हिमांशु उपाध्याय के अस्पताल में किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सफल ऑपरेशन कर उसके मुंह में आर-पार हुई लोहे की सरिया को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा और बच्चे की जान बचा ली गई। सफल सर्जरी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।
फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश (4TV News)
