एटा, उत्तर प्रदेश। एटा पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के तहत वांछित आरोपियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 41 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. इलामारन के निर्देश पर पूरे जनपद में चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने दबिश देकर न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई रिजोर, मारहरा, मिरहची, मलावन, कोतवाली देहात, बागवाला, जैथरा, निधौली कलां, अलीगंज, जलेसर और सकीट सहित कई थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों का अनुपालन सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वारंट जारी होने के बाद कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश (4TV News)
