बिजनौर, उत्तर प्रदेश। बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र में पुलिस और गौवध के एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम कल्हेड़ी स्थित मालन नदी के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस को देखकर कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुजम्मिल पुत्र शराफत के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा पशुवध से संबंधित उपकरण बरामद करने का दावा किया है।
घटना के दौरान अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चला रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: बिजनौर, उत्तर प्रदेश
