सीतापुर (उत्तर प्रदेश): शिक्षक दिवस के अवसर पर सीतापुर जिले के महमूदाबाद स्थित बीआरसी परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी खैराबाद सतीश कुमार मिश्रा ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक आशा मौर्य ने कहा कि शिक्षक देश और समाज के वास्तविक निर्माता होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण और समाज को सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
विधायक ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों के विकास, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र और सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के बाद विधायक आशा मौर्य ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के तहत तैयार भोजन को छात्राओं के साथ बैठकर ग्रहण किया और उसकी गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, पढ़ाई और मध्याह्न भोजन व्यवस्था की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर शिक्षक संदीप वर्मा, पुनीत वर्मा, प्रधानाचार्य शबाना खान, वंदना गिरी, सुशील वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी नरेंद्र यादव ने किया।
रिपोर्टर: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश
