एटा (उत्तर प्रदेश): एटा मेडिकल कॉलेज में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर कथित वसूली का मामला सामने आया है। एक परिजन ने आरोप लगाया है कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मेडिकल कॉलेज के एक कर्मचारी से पैसे मांगे गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में तैनात रोहित माहेश्वरी (एमपीडब्ल्यू) पर आरोप है कि उन्होंने मृतक के परिजन से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 3,500 रुपये लिए। आरोप है कि इसमें से 1,500 रुपये ऑनलाइन उनके खाते में भेजे गए, जिसके स्क्रीनशॉट भी शिकायतकर्ता के पास मौजूद हैं, जबकि 2,000 रुपये नकद देने का भी दावा किया गया है।
परिजन का यह भी आरोप है कि निर्धारित राशि लेने के बावजूद उन्हें अब तक मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया।
हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुरेश चंद्रा ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत पत्र के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोप कितने सही हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
