गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): गाजियाबाद की थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने शनि मंदिर में चोरी की घटना का महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की सुबह तिगरी गोल चक्कर स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने मंदिर से लड्डू गोपाल और राधा रानी की मूर्तियां सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाला कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद मंदिर से जुड़े सूरज शुक्ला की शिकायत पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 24 वर्षीय दानिश को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लड्डू गोपाल की मूर्तियां, राधा रानी की पीतल की मूर्ति, गदा, चरण पादुकाएं, लोटे, दीपक, घंटी समेत अन्य पूजा सामग्री बरामद की है। पुलिस का दावा है कि चोरी गया सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, एनडीपीएस एक्ट और पॉक्सो एक्ट सहित चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर: दीपांशु बैसला
स्थान: गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
