गरौठा तहसील, झांसी (उत्तर प्रदेश): झांसी जिले की गरौठा तहसील के ककरवई गांव स्थित तालाब से रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को वन विभाग ने सुरक्षित रूप से बेतवा नदी के खिरिया घाट में छोड़ दिया। मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू और स्थानांतरण के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, ककरवई गांव के तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलने पर बामोर रेंज के प्रभारी जगदंबा पाठक के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह टीम ने सफल अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत जताते हुए टीम की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मगरमच्छ को नहीं पकड़ा जाता, तो गांव में कोई बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर तालाब की निगरानी शुरू कर दी थी, जिसके चलते यह अभियान सफल रहा।
वन क्षेत्राधिकारी जगदंबा पाठक ने बताया कि बामोर रेंज के अंतर्गत किसी भी नदी, तालाब या जलाशय में मगरमच्छ की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाती है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी अहरौरा क्षेत्र के एक तालाब से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया था।
रेस्क्यू अभियान में डिप्टी रेंजर हेमंत कुमार, वन दरोगा राजकुमार तिवारी, दीपराज, गजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, वनरक्षक तेज प्रताप, रोहित कुमार, जय हिंद यादव, चालक मुकेश पाठक, दुर्जन यादव, भगत प्रजापति सहित वन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।
रिपोर्टर: चंदन सिंह
स्थान: गरौठा तहसील, झांसी, उत्तर प्रदेश
