बुलंदशहर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर गुलावठी कस्बे में डग्गामार वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 80 से 90 वाहनों के चालान किए गए, जबकि कई ऑटो और ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र शर्मा के नेतृत्व में शहीद स्मारक और ढोलाना अड्डे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान डग्गामार बसों, ऑटो और ई-रिक्शा की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान कई वाहनों की फिटनेस प्रमाणित नहीं पाई गई। पुलिस ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को सीज कर दिया। इसके अलावा, स्कूली बच्चों को ले जाने वाले कुछ वाहनों की फिटनेस भी मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान कस्बा इंचार्ज आनंद कुमार, सौरभ कुमार, संदीप कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान भी मौजूद रहे।
