शाहजहांपुर पुलिस ने 151 गुम और चोरी हुए मोबाइल लौटाए, एसपी सिटी ने मालिकों को किए सुपुर्द
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल, जनपदीय एसओजी और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त कार्रवाई में बरामद किए गए 151 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने अपने हाथों से मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और शाहजहांपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। तकनीकी सर्विलांस और साइबर जांच के माध्यम से मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया और उनके वास्तविक मालिकों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद वापस किया गया।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि मोबाइल गुम या चोरी होने की सूचना मिलते ही सर्विलांस टीम तकनीकी माध्यमों से उसकी ट्रैकिंग शुरू कर देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से भी अपने मोबाइल को ब्लॉक कराएं।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी कि वे अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें।
पुलिस का कहना है कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनका खोया हुआ सामान वापस मिल सके।
रिपोर्ट: महेन्द्र चावला, शाहजहांपुर
