इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह घर के बाहर खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कराईपुरा चौकी क्षेत्र के ग्राम परम धाम निवासी सिद्ध स्वरूप, पुत्र लखपति सिंह, रात के समय घर के बाहर पशुओं के पास सोते थे। बुधवार सुबह दूध लेने पहुंचे एक व्यक्ति ने उन्हें खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर बुजुर्ग की हत्या की है। हालांकि, हत्या किस वजह से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
घटना की सूचना पर थाना इकदिल प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सीओ इटावा अवनीश कुमार, एसपी सिटी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के कारणों तथा आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी, चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में इस वारदात को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत, इटावा
