सीतापुर। सीतापुर में आरक्षण और यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर प्रस्तावित पदयात्रा से पहले पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच क्रांतिकारी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक ऐश्वर्य प्रताप सिंह समेत कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे ऐश्वर्य प्रताप सिंह और उनके पिता अनिल सिंह पाताबोझ सहित कई नेताओं को महोली अंडरपास के पास पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया। आंदोलन की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रात से ही नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।
बताया जा रहा है कि अनिल सिंह पाताबोझ के गांव में पहले से पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं, सीतापुर के खूबपुर स्थित उनके आवास पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन उनके वहां नहीं मिलने पर टीम वापस लौट गई।
एलआईयू से मिले इनपुट के बाद जिला मुख्यालय पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। प्रशासन को आशंका थी कि बड़ी संख्या में युवा जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी से वार्ता का प्रयास कर सकते हैं। इसी को देखते हुए लालबाग चौराहा, महोली अंडरपास और बड़ी नेरी कला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले कई नेताओं को रोक लिया। वहीं, कुछ नेताओं के पुलिस घेराबंदी से निकल जाने की भी सूचना है। क्रांतिकारी विचार मंच ने अपने प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने का दावा किया था।
फिलहाल हिरासत में लिए गए नेताओं को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। पूरे घटनाक्रम को देखते हुए लालबाग से बड़ी नेरी कला तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
